reported by : संदीप कुमार
पूर्वी दिल्ली : दिल्ली भाजपा अध्यक्ष व उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ने वेलकम स्थित झील पार्क का निरीक्षण किया और सुबह सैर करने आए क्षेत्र के लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं जानी। लोगों ने पार्क में सफाई व्यवस्था, पैदल पथ की मरम्मत, चारदीवारी और गेट के निर्माण जैसी समस्याएं उनके समक्ष रखीं। तिवारी ने निगम अधिकारियों को समस्याओं के तुरंत निदान का निर्देश दिया। तिवारी ने बताया कि लगभग 17 करोड़ रुपये की लागत से झील और पार्क का सुंदरीकरण किया जाएगा। इसका काम आगामी एक महीने में शुरू हो जाएगा। उन्होंने क्षेत्र निवासियों की मांग पर सांसद निधि से पार्क में दो ओपन एयर जिम लगाने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर पूर्वी दिल्ली की महापौर अंजू कमलकांत, शाहदरा उत्तरी क्षेत्र की निगम उपायुक्त डॉ. पूजा जोशी, सहायक आयुक्त एके सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष कैलाश जैन, महामंत्री मास्टर विनोद, पूर्व महापौर हर्षदीप मल्होत्र, पूर्व विधायक जितेंद्र महाजन, भाजपा नेता जय भगवान गोयल, आनंद त्रिवेदी, डॉ. यूके चौधरी, निगम पार्षद अजय शर्मा सहित कई अन्य पार्षद व निगम अधिकारी मौजूद रहे।